बनमनखी - पूर्णिया रेलखंड पर 10 जून से परिचालन प्रारम्भ होने की जानकारी सांसद संतोष कुमार कुशवाहा ने अमृतसर से फोन पर वार्ता करके दी । उन्होंने बताया कि उनकी बात रेलमंत्री श्री सुरेश प्रभु से हो चुकी है । रेल मंत्रालय की ओर से आए पत्र में इस रेलखंड पर 10 जून से परिचालन शुरू होने की जानकारी दी गयी है । इस रेलखंड पर तीन पैसेंजर ट्रेन और दो एक्सप्रेस ट्रेन चलेगी । एक्सप्रेस ट्रेन में राज्यरानी और जानकी एक्सप्रेस चलेगी । रेलखंड का शुभारंभ पूर्णिया कोर्ट स्टेशन से बनमनखी की ओर जाने वाली पैसेंजर ट्रेन को झंडी दिखा कर सांसद श्री कुशवाहा द्वारा किया जाएगा ।
बता दें कि पूर्व में बनमनखी - पूर्णिया रेलखंड के तैयार हो जाने के बावज़ूद तथा सभी प्रकार के जाँच कर लिए जाने के बाद भी जब परिचालन शुरू नहीं हुआ तो क्षेत्र के लोगों ने कोशी विकास संघर्ष मोर्चा के बैनर तले महाधरना कार्यक्रम भी चलाया था जिसमें सांसद श्री कुशवाहा भी शामिल हुए थे। धरने में शामिल होकर सांसद ने लोगों को इस रेलखंड पर परिचालन शुरू करने के लिए हर सम्भव प्रयास करने का आश्वासन दिया । उसके बाद सांसद ने धरनास्थल से ही समस्तीपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक सहित रेल के अन्य आलाधिकारियों से 10 जून से परिचालन शुरू करने की बात की थी । साथ ही 10 जून तक परिचालन शुरू नहीं किए जाने के फलस्वरूप बड़े आंदोलन की चेतावनी दी थी । इसके अलावा बनमनखी व पूर्णिया कोर्ट को मॉडल स्टेशन बनाने समेत अन्य मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया गया है।
पूर्व में भी कई बार रेल परिचालन की तिथि घोषित की गयी है परन्तु परिचालन शुरू नहीं हुआ । अब देखना यह है कि 10 जून से बनमनखी - पूर्णिया रेलखण्ड रेलसेवा अस्तित्व में आता है या फिर घोषणा , बस घोषणा ही रह जाता है ।
News by Date
बुधवार, 8 जून 2016
10 जून 11 बजे पूर्णिया कोर्ट से ट्रेन को हरी झंडी : कुशवाहा