News by Date

शनिवार, 28 मई 2016

पूर्णिया - सहरसा रेल परिचालन न हुआ तो 01 जून से धरना प्रदर्शन

कोसी-सीमांचल रेलखंड पर रेलसेवा शुरू न होने से नाराज़ क्षेत्रवासियों ने शुक्रवार को स्टेशन अधीक्षक, जानकीनगर के माध्यम से समस्तीपुर रेल मंडल के मंडल रेल प्रबन्धक के नाम एक ज्ञापन सौंपा । चूँकि  पूर्व मध्य रेलवे के जानकीनगर, बनमनखी, पूर्णिया रेलखंड पर आमान परिवर्तन का काम पूरा हो चुका है,साथ ही पूर्वी जोन कोलकाता के मुख्य सुरक्षा  आयुक्त पीके आचार्या व इसी जोन के महाप्रबंधक एके मित्तल के द्वारा अलग-अलग परीक्षण कर साफ कर दिया गया है कि यह रेलखंड परिचालन के लिए बिल्कुल तैयार है । परन्तु फ़िर भी अभी तक परिचालन प्रारम्भ नहीं होने से लोगों में असंतोष फैल रहा है ।
             डीआरएम के नाम से सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया कि 18 अगस्त 2008 को आए कुसाहा त्रासदी में यह रेलखंड ध्वस्त हो गयी जिसके बाद से अबतक इस रेलखंड पर रेलसेवा बहाल नहीं किया गया है जबकि 26/27 अप्रैल 2016 को उक्त रेलखंड का निरीक्षण मुख्य संरक्षा आयुक्त पीके आचार्या द्वारा की गई। इसके बावजूद रेलसेवा शुरू नहीं हुई । साथ ही कहा गया कि यदि जल्द परिचालन शुरू नहीं हुआ तो 01 जून को जानकीनगर रेलवे स्टेशन पर एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया जाएगा।
                ग़ौरतलब है कि पूर्व में कई बार परिचालन शुरू होने की तिथि घोषित की गई परन्तु ऐसा नहीं हुआ । गत 26 मई 2016 के लिए भी रेलवे के बड़े अधिकारियों द्वारा घोषणा किया गया था कि उक्त तिथि से परिचालन शुरू कर दी जायेगी । लेकिन पूर्व मध्य रेलवे के मंडल रेल प्रबन्धक सुधांशु शर्मा ने इस घोषणा को निराधार बता कर 26 मई से परिचालन नहीं प्रारम्भ होने की सूचना दी और साथ ही श्री शर्मा के द्वारा परिचालन शुरू होने के बारे में साफ तौर पर कुछ नहीं कहा गया । इस प्रकार से क्षेत्रवासियों का खिन्न होना लाज़मी है ।