News by Date

बुधवार, 31 अगस्त 2016

प्रमंडलीय आयुक्त की अध्यक्षता में स्वास्थ समीक्षा बैठक

आज प्रमंडलीय आयुक्त टीएन विन्धेश्वरी की अध्यक्षता में प्रमंडल के चारों जिलों के स्वास्थ कार्यक्रम की समीक्षा हेतु समीक्षा बैठक की गयी । जिसमें कई प्रकार के निर्देश जारी किए गए । आपदा को देखते हुए किसी  चिकित्सक को अवकाश नहीं करने का भी निर्देश दिया गया । इसके अलावा भी कई स्वास्थ कार्यक्रम के सम्बंधित बातों पर चर्चा की गयी और निर्देश दिया गया ।
                आयुक्त ने वर्तमान आपदा को देखते हुए चिकित्सक को अवकाश की स्वीकृति नहीं देने का निर्देश दिया । जो चिकित्सक अपने निर्धारित कर्तव्य से अनुपस्थित पाए जाते है , उनके विरुद्ध कार्रवाई का निर्देश सभी सिविल सर्जन को दिया गया । सभी जिलों को खासकर कटिहार को सभी प्रकार की दवा तथा ब्लीचिंग पाउडर की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया । आवश्यकतानुसार अविलंब विभाग को अधिसूचना भेजने को कहा गया । सभी जिलों में उपलब्ध एम्बुलेंस को कार्यरत हालत में रखने का निर्देश दिया गया तथा आवश्यकता पड़ने पर भाड़े पर लेकर परिचालन करने का निर्देश दिया गया । समीक्षा के क्रम में कटिहार के सिविल सर्जनों ने बताया कि जिला में सांसद निधि से क्रय किए गए 9 एम्बुलेंस का ईंधन सम्बंधी समस्या के कारण परिचालन नहीं हो पा रहा है । आयुक्त ने गहरी नाराज़गी व्यक्त करते हुए अविलंब भुगतान के आधार पर विभागीय निदेश के अनुरूप इन एम्बुलेंस का परिचालन बहाल करने का सख्त निर्देश दिया गया । उन्होंने कहा कि एम्बुलेंस चालक द्वारा अगर अवैध रूप से राशि की माग की जाती है तो इसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया । नियमित टीकाकरण ,संस्थागत प्रसव आदि के लिए निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप उपलब्धि सुनिश्चित करने को कहा गया । जननी बाल सुरक्षा योजना के तहत देय अनुदान राशि के बकाया भुगतान हेतु सभी लाभुकों का मेडिकल कैंप आयोजित बैंक खाता खुलवाकर अविलंब भुगतान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया । सभी आशा कार्यकर्ताओं को नियमित रूप से मानदेय भुगतान करने का निर्देश दिया गया ।
              उन्होंने क्षेत्रिय अपर निदेशक स्वास्थ्य सेवाएँ को जिलावार तथा पी०एच०सी० वार समीक्षात्मक बैठक रोस्टर बनाकर अनुपालन कराने का निर्देश दिया । पी०एच०सी० स्तरीय आयोजित समीक्षात्मक बैठक में जिला स्तरीय पदाधिकारियों की सहभागिता भी सुनिश्चित करने को कहा । विभिन्न योजनाओं के तहत निर्माणाधीन अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ,स्वास्थ्य उपकेन्द्र भवन निर्माण की अद्यतन स्थिति तथा भवन विहीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के सम्बन्ध में अद्यत प्रतिवेदन की मांग की गयी । निर्माणाधीन भवन की अद्यतन स्थिति की समीक्षा का निर्देश सभी सिविल सर्जन को दिया गया ।
                बैठक में आयुक्त के सचिव ,क्षेत्रिय अपर निदेशक स्वास्थ्य सेवाएँ , पूर्णिया प्रमंडल सहित चारों जिलों के सिविल सर्जन, प्रभारी सिविल सर्जन मौजूद थे ।

News By - एडमिन