मुख्यमंत्री ने पूर्णिया के बाढ़ प्रभावित बायसी के अलावा कटिहार, अररिया एवं किशनगंज जिलों के भी बाढ प्रभावित क्षेत्र का दौरा किया। मुख्यमंत्री ने बारीकी से स्थिति का जायजा लिया। सर्वेक्षण के बाद मुख्यमंत्री ने चुनापुर एअर बेस पर ही चारों जिले के डीएम व एसपी के साथ बैठक की तथा कई निर्देश दिए।
क्या कहा मुख्यमंत्री ने
सभी जिलाधिकारी को दो दिनों के अंदर प्रत्येक प्रभावित परिवारों को सूखा राशन एवं पका भोजन उपलब्ध कराने का निदेश दिया। उन्होंने सूखा राशन में वर्तमान में दिये जा रहे 2 किग्रा चूड़ा तथा 1 किग्रा चना की मात्रा भी बढ़ाने का भी निर्देश दिया। उन्होंने सभी प्रभावित गॉवों में अविलंब सामूहिक रसोई की व्यवस्था कर पीड़ितों को पका भोजन उपलब्ध कराने को कहा। सीएम ने बाढ़ से हुई गृह क्षति का भी सर्वे कराकर नियमानुसार गृह क्षति अनुदान तथा आपदा राहत अनुदान की राशि वितरण हेतु पीड़ित परिवारों का सर्वेक्षण कराने का निर्देश दिया। सर्वेक्षण के उपरांत पीड़ित व्यक्ति के बैंक खाता में राशि हस्तांतरित की जायेगी। बाढ़ का पानी निकलने के उपरांत अविलंब फसल क्षति का आकलन करने का निर्देश भी उन्होंने अधिकारियों को दिया।
ज्ञात हो कि बायसी अनुमंडल के 56 पंचायत पूर्ण रूप से तथा 26 पंचायत आंशिक रूप से बाढ़ प्रभावित है। इससे 1 लाख 82 हजार परिवार तथा 8 लाख 20 हजार आबादी प्रभावित है। बैठक में मुख्यमंत्री द्वारा दिये गए निर्देश से सभी प्रभावित परिवारों को पीड़ा की इस घड़ी में सहारा मिला है। वहीं बैठक के बाद डीएम पंकज पाल ने बायसी अनुमंडल में शुक्रवार से 100 गॉव में सामूहिक रसोई चलाकर पका भोजन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों के साथ डेढ़ घंटे तक बैठक की और पांच बजे उनका विमान पटना के लिए उड़ान भरा।
News by Date
गुरुवार, 28 जुलाई 2016
मुख्यमंत्री ने की समीक्षा बैठक और साथ ही जिलाधिकारी को दिया गया निर्देश
