बिहार में गरीब महिलाओं को मुफ्त गैस कनेक्शन देने की शुरुआत सोमवार को हो गई। राजधानी पटना में प्राकृतिक गैस व पेट्रोलियम मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने इस योजना का औपचारिक उद्घाटन किया। इस प्रोजेक्ट को उज्ज्वला योजना का नाम दिया गया है। कार्यक्रम एसके मेमोरियल हॉल में आयोजित किया गया!
प्रथम चरण में राज्य की विभिन्न जिलों की सौ गरीब महिलाओं को मुफ्त गैस कनेक्शन के कागजात पेट्रोलियम मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने अपने हाथ से दिए। इस मौके पर मंत्री प्रधान ने कहा कि केंद्र लोगों का जीवनस्तर सुधारने के प्रति संकल्पित है। कहा कि उज्ज्वला योजना गरीबों को लकड़ी और धुएं पर प्रदूषण वाले वातावरण में भोजन तैयार करने के माहौल से मुक्ति दिलाने की कोशिश है। यह योजना पूरे देश में लागू की गई है। इसका सबसे बड़ा लाभ बिहार को ही होगा।
*पूरे राज्य से पहुंची थी महिलाएं
कार्यक्रम में पूरे राज्य से महिलाएं पहुंची थीं। इन्हें आधार कार्ड, बैंक पास बुक, राशनकार्ड और अन्य कागजात या इनमें से किसी एक की फोटो कॉपी लेकर आने को कहा गया था। महिलाओं में अधिसंख्य बाहर के जिलों से आई थीं। मुफ्त गैस कनेक्शन मिलने की खुशी इनके चेहरे पर साफ दिख रही थी।