News by Date

गुरुवार, 26 मई 2016

पूर्णिया की जनता को रेलवे ने फिर निराश किया

पूर्णिया - सहरसा ट्रेन की आज से परिचालन शुरू होने की खबर थी परन्तु एक बार फिर से उत्साहित क्षेत्रवासियों को निराशा हाथ लगी ।  पूर्व मध्य रेलवे के मंडल रेल प्रबन्धक सुधांशु शर्मा ने कहा है कि बनमनखी पूर्णिया रेलखंड पर आज से ट्रेन नहीं चलेगी । साथ ही उन्होंने 26 मई से परिचालन शुरू होने की सूचना देने वाले के रेल विभाग के मुख्य जन सम्पर्क अधिकारी अरविन्द कुमार रजक, सीनियर डीएनए संजय कुमार एवं सीनियर डीओएम बीके दास को किसी भी प्रकार के आधिकारिक घोषणा करने के अयोग्य बताया । जब श्री शर्मा से पूछा गया कि आखिरकार इस रेलखंड पर परिचालन कब शुरू होगी तो उन्होंने कहा कि जब भी प्रारंभ होगी तो इसकी सूचना मीडिया द्वारा आमलोगों को दे दी जायेगी ।
              बता दें कि कुसाहा त्रासदी के बाद से ही कोसी - सीमांचल रेलखंड की रेलसेवा ठप पड़ी हुई है । पूर्व में भी कई बार इस रेलखंड पर रेलसेवा शुरू होने की घोषणा की गयी परन्तु ऐसा कुछ नहीं हुआ । आज से रेलसेवा शुरू होने की घोषणा भी सिर्फ घोषणा ही निकली । कोसी तथा सीमांचल के लोगों को फिर एक बार निराश होना पड़ेगा ।