किशनगंज। दिघलबैंक प्रखंड के करुवामनी पंचायत अंतर्गत पड़ने वाले गांव पोठीमारी निवासी दो बच्चियों के नदी में डूबने से मौत हो जाने की जानकारी मिलने के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल व्याप्त हो गया। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, 13 वर्षीय मिन्नत बेगम, पिता जुबेर आलम एवं 10 वर्षीय दिलफरोज बेगम, पिता सलमोउद्दीन मंगलवार की दोपहर मवेशी के चारा के लिए घास काटने नदी किनारे गई थी। इसी दौरान अचानक दोनो बच्चियां नदी के तेज धार में बहने लगी। बच्चियों को नदी में बहता देख घटनास्थल के निकट उपस्थित लोगों ने शोर मचाना प्रारंभ कर दिया। लोगों के शोर-शराबे को सुन घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने अपनी जान हथेली पर रखकर दोनों बच्चियों को नदी के तेज धार से बाहर निकाला व उन्हें इलाज हेतु दिघलबैंक पीएचसी में भर्ती करा दिया। जहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सकों द्वारा उन्हें मृत घोषित किये जाते ही परिजनों के बीच कोहराम मच गया। इधर, घटना की जानकारी दिघलबैंक पुलिस को मिलते ही वह मामले की जांच में जुट गई है।
