News by Date

रविवार, 7 अगस्त 2016

अदिति के परिजनों से मिल पप्पू ने न्याय मिलने तक आन्दोलन का दिया आश्वायन

बनमनखी:- पूर्णिया के माउन्ट जॉन में छात्रा अदिति रानी की संदेहास्पद मौत मामले में मधेपुरा सांसद पप्पू यादव परिजनों से मिले| शनिवार देर रात बनमनखी स्थित लिजा के आवास पर पहुंचे जन अधिकार पार्टी के संरक्षक सह मधेपुरा सांसद ने मातमपूर्सी की| उन्होंने कहा कि दुख की इस बेला में वे एवं उनकी पार्टी पीड़ित परिवार के साथ है| घटना पर प्रशासनिक कार्रवाई से नाराज पप्पू ने न्याय मिलने तक आन्दोलन का आश्वासन परिजनों को दिया| उन्होंने कार्यकार्ताओं को बनमनखी वासियों के सहयोग से सड़क एवं रेल पर आन्दोलन करने का निर्देश दिया| साथ ही कहा कि जब तक मामले में दूध का दूध पानी का पानी नहीं हो जाता है तब तक स्कूल को बन्द रखने के लिए प्रशासन से मांग रखेंगे| वैसे भी बिहार सरकार से मिली स्कूल को मान्यता को रद्द करवाई जाएगी| सांसद ने कहा कि जरूरत पड़ी तो मामले को संसद में ले जाया जाएगा| एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि स्कूल डायरेक्टर की सांठ- गांठ पदाधिकारियों एवं राजनेताओं से है| जिसका खुलासा घटना के बाद से लेकर डायरेक्टर के मोबाइल काल डिटेल खंघालने से हो सकता है| सांसद ने घटनाओं के लिए सीघे बिहार सरकार पर निशाना साधा और कहा कि विभिन्न आपराधिक घटनाओं में सत्तारूढ़ घटक दल के नेताओं का हाथ सामने आ रहा है| कुरसेला में छात्रा के अपहरण का मामला इसका एक उदाहरण है| उन्होंने कहा कि सरकार विपक्षियों के दमन के लिए नई शराब नीति लाई है| इसे काला कानून बताते हुए उन्होंने कहा कि पहले तो घर- घर शराब परोसी गई और अब इस मामले में मां और बहनों को भी जेल भेजने की तैयारी कर रही है| कहा कि हिटलर और जार से भी क्रूर एवं निरंकुश सरकार बिहार में शराब नीति के जरिए इंस्पेक्टर राज लाना चाह रही है| उन्होंने कहा कि राजनीतिक व्यवस्थाओं का स्तर तो पहले ही गिर चुका है, अब समाज भी संवेदनहीन हो गया है| यही कारण वायरल हुए देवियों के फोटो पर सारण जल चुका है, लेकिन जीती- जागती मासूम देवी को मौत के घाट उतारने वाली घटना पर समाज चुप है| उन्होंने कहा कि लिजा प्रकरण की सीबीआई या न्यायिक जांच हो सके, इसके लिए हम सबों को मिलकर पटना हाई कोर्ट में पीआईएल दायर करना चाहिए| इससे पूर्व सांसद को घटना का वृतांत कह सुनाया एवं स्कूल की व्यवस्था पर प्रश्न उठाया| परिजनों ने प्रशासन की ओर से की जा रही कार्यवाही पर भी सवाल उठाया| इस अवसर पर जन अधिकार पार्टी के प्रखंड अध्यक्ष विजय कुमार यादव, शालीग्राम रिषिदेव, गोपाल सिंह, नटवर झा, संतोष भगत, कृष्णदेव भगत, राकेश यादव, गजेन्द्र यादव, राजेश रंजन चौबे, रंजीत गुप्ता, अमितेश सिंह आदि मौजूद थे|

News by - Sunil Samrat