News by Date

सोमवार, 4 जुलाई 2016

खुश्किबाग से 1 लाख के लॉटरी के साथ सरगना गिरफ्तार

पूर्णिया : लॉटरी टिकट के धंधेबाजों के अड्डे पर पुलिस की छापेमारी में सरगना समेत एक लाख रुपये मूल्य का लॉटरी टिकट पकड़ा गया। सादे लिबास में पुलिस द्वारा की गई इस कार्रवाई में सरगना सुरेश चौधरी को 35 हजार रूपये के साथ हिरासत में लिया गया। तकनीकी शाखा के एसआई अवधेश कुमार के नेतृत्व में कार्रवाई के बाद सरगना सुरेश चौधरी को सदर थाना की पुलिस के हवाले कर मामला दर्ज किया गया है।
लॉटरी टिकट के जोर पकड़ रहे धंधे की जानकारी मिलने के बाद एसपी निशांत कुमार तिवारी ने पुलिस टीम का गठन कर छापेमारी का निर्देश दिया। सदर थाना क्षेत्र के खुश्कीबाग मछलीपट्टी को लॉटरी टिकट के धंधेबाजों का मुख्य केन्द्र माना जाता है। कहीं स्थानीय थाने की पुलिस की इन धंधेबाजों से मिलीभगत न हो इसलिए सावधानी बरतते हुए सदर थाने को सूचना दिए बगैर एसपी श्री तिवारी ने तकनीकी शाखा के एसआई अवधेश कुमार के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया। एसआई अवधेश कुमार, आदित्य कुमार व अन्य पुलिसकर्मी सादे लिबास में रविवार की शाम खुश्कीबाग मछलीपट्टी में छापेमारी की गई। पुलिस की घेराबंदी में सरगना सुरेश चौधरी 35 हजार रूपये नकद के साथ धराए। इसके बाद सुरेश चौधरी के दफ्तर की पड़ताल करने पर लगभग एक लाख रूपये मूल्य का लॉटरी टिकट बरामद किया गया। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद अन्य धंधेबाज भागने में सफल हो गए। पुलिस ने सुरेश चौधरी को एक लाख के लॉटरी टिकट व 35 हजार रूपये नकद के साथ सदर थाने के हवाले कर दिया है। सदर थाने की पुलिस मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है।