बिहार बोर्ड के इंटर रिजल्ट घोटाला के बाद विवादों से घिरे बिहार बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष लालकेश्वर प्रसाद पद से इस्तीफा देने के बाद फरार हैं। खबर है कि वे पत्नी डॉ.उषा सिन्हा के साथ लंदन भाग सकते हैं। उनका एक बेटा लंदन में ही रहता है। बताते हैं कि वे आठ जून की रात में दिल्ली के लिए निकल गए। पुलिस को सूचना मिली थी, लेकिन कार्रवाई में विलंब के कारण वे भागने में सफल रहे।
पुलिस की ओर से आवेदन मिलने पर आज कोर्ट ने उनके खिलाफ वारंट निर्गत करने का आदेश जारी कर दिया। बताते हैं कि विदेश भागने से रोकने के लिए उनके खिलाफ रेड कार्नर नौटिस भी जारी हुआ है।
पीए सहित तीन गिरफ्तार, 22 हुए निलंबित
इस बीच लालकेश्वर प्रसाद के पीए अनिल सहित तीन लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस उनसे घोटाले तथा लालकेश्वर प्रसाद के ठिकाने के संबंध में पूछताछ कर रही है। पुलिस का दावा है कि वह जल्दी ही लालकेश्वर तक पहुंच जाएगी।
इस बीच एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम में बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के अध्यक्ष आनंद किशोर ने कड़ी कार्रवाई करते हुए बोर्ड के 22 कर्मचारियों को निलंबित कर दिया है। जांच के दौरान ये सभी लोग अनुपस्थित मिले थे।